उत्तर प्रदेश में जमीन और मकान की रजिस्ट्री को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। अब कई जिलों में रजिस्ट्री दफ्तर रात 8 बजे तक खुले रहेंगे। साथ ही रविवार को भी कार्यालय संचालित होंगे। आगरा में इस नई व्यवस्था की शुरुआत कर दी गई है।

प्रदेश सरकार के आदेश के अनुसार, जिन सदर तहसीलों में पांच उप-निबंधक कार्यालय हैं, वहां एक कार्यालय विशेष रूप से दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक संचालित होगा। रजिस्ट्री के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक लिए जा सकेंगे। अन्य सभी कार्यालय पहले की तरह सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ही खुलेंगे।

आम जनता की सुविधा को देखते हुए अब हर रविवार एक उप-निबंधक कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुलेगा। जिस कार्यालय को रविवार को खोला जाएगा, उसे अगले शनिवार को बंद रखा जाएगा। यदि दूसरा शनिवार अवकाश होगा तो संबंधित कार्यालय शुक्रवार को बंद रहेगा। यह पूरी व्यवस्था रोस्टर के आधार पर लागू की जाएगी।

सरकार का दावा है कि इससे नौकरीपेशा लोगों को राहत मिलेगी, भूमि क्रय की प्रक्रिया तेज होगी और राजस्व में बढ़ोतरी होगी।