क्या ट्रेन में भी सुरक्षित नहीं बेटियां? गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में NCC कैडेट से दुष्कर्म, आरोपी TTE फरार

गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में एक NCC कैडेट छात्रा से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रेन के TTE ने सीट दिलाने के बहाने युवती को केबिन में बुलाया और दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी देवरिया स्टेशन पर उतरकर फरार हो गया। पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

रेलवे SP ने बताया कि आरोपी की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है। वह NER के वाराणसी डिवीजन में तैनात था। उसके निलंबन और बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। युवती की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश में टीमें लगी हैं।

घटना रविवार की बताई जा रही है। छात्रा मऊ में NCC ‘C’ सर्टिफिकेट परीक्षा देकर लौट रही थी। स्टेशन पर भीड़ अधिक थी। जल्दबाजी में वह टिकट नहीं ले सकी। वह एसी कोच में चढ़ गई। आरोप है कि TTE ने टिकट बनाने और सीट दिलाने का झांसा दिया। उसे केबिन में ले गया। दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। पहले सामान्य बातचीत की। फिर अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। विरोध करने पर बिना टिकट यात्रा में कार्रवाई की धमकी दी। इसके बाद दुष्कर्म किया गया।

घटना इंदारा और देवरिया के बीच बताई जा रही है। पीड़िता ने शोर मचाया और डायल 112 पर सूचना दी। मामला खुलते ही आरोपी देवरिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया।

पीड़िता गोरखपुर में किराए के कमरे में रहकर सेना भर्ती की तैयारी कर रही है। वह एनसीसी कैडेट है। जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है।