बेरोजगारी और पेपर लीक के खिलाफ युवाओं का गुस्सा।

राजधानी लखनऊ के ईको गार्डन में शुक्रवार को युवाओं का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में पेपर लीक, बेरोजगारी और खाली पदों के मुद्दे उठाए गए। प्रदर्शन में विभिन्न जिलों से करीब चार हजार युवा शामिल हुए।

प्रदर्शन में कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके भी पहुंचे। उन्होंने छात्रों के साथ सड़क पर धरना दिया और कहा कि युवा अब पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की जवाबदेही भी तय करने की बात कही।

अभिजीत दीपके ने युवाओं से 20 जून को दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। इस दौरान उन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में युवा जुटे, जिससे सुरक्षा घेरा संभालना मुश्किल हो गया।

आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा ने कहा कि सरकारी दमन के बावजूद युवा एकजुट होकर अपनी आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने सभी रिक्त पदों पर भर्ती होने तक संघर्ष जारी रखने का एलान किया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष मनीष कुमार ने शिक्षा और रोजगार के मुद्दे को निर्णायक लड़ाई बताया।