भारतीय रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा लाने जा रहा है। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में पहली बार कुलियों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू करने की तैयारी है।
अब यात्रियों को स्टेशन पर कुली तलाशने या किराए को लेकर मोलभाव नहीं करना पड़ेगा। नई व्यवस्था के तहत यात्री रेलवे के अधिकृत ऐप या वेबसाइट से पहले ही कुली बुक कर सकेंगे। ट्रेन के समय के अनुसार कुली तय स्थान पर मौजूद रहेगा।
इस सेवा में डिजिटल भुगतान प्रणाली होगी। यात्री को पहले से ही शुल्क की जानकारी मिल जाएगी। इससे ओवरचार्जिंग पर रोक लगेगी और विवाद भी कम होंगे।
अक्सर त्योहारों और भीड़ के समय मनमाना किराया वसूला जाता है। इस नई व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी और कुलियों के काम में अनुशासन आएगा।
शुरुआत में यह सुविधा प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, कानपुर सेंट्रल, मिर्जापुर, इटावा और अलीगढ़ जैसे प्रमुख स्टेशनों पर लागू होगी। सफल ट्रायल के बाद इसे अन्य स्टेशनों तक बढ़ाया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को बेहतर और आसान सेवा देना ही लक्ष्य है।