अब चौराहों पर बिना हेलमेट वालों का नाम लेकर होगी फजीहत!

बरेली में बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने अनोखा कदम उठाया है। शहर के 18 प्रमुख चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को एआई डिवाइस से जोड़ा जाएगा, जो बिना हेलमेट चालकों की नंबर प्लेट स्कैन कर सार्वजनिक रूप से उनका नाम अनाउंस करेगी।

परिवहन विभाग की तकनीकी टीम ने एआई आधारित डिवाइस तैयार की है। यह डिवाइस कैमरों से जुड़े सिस्टम के जरिए बिना हेलमेट दिखने वाले बाइक सवार की पहचान करेगी और चौराहे पर ही उसका नाम पुकारकर चेतावनी देगी। जल्द ही यातायात पुलिस के साथ समन्वय कर इसे लागू किया जाएगा।

राज्य सरकार के निर्देश पर “नो हेलमेट-नो पेट्रोल” और विशेष चेकिंग अभियान चलाए गए, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालान भी हुए, फिर भी बिना हेलमेट बाइक चलाने की आदत में बदलाव नहीं आया। अब विभाग का मानना है कि सार्वजनिक फजीहत का डर लोगों को हेलमेट पहनने के लिए मजबूर करेगा और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम किया जा सकेगा।

यदि बाइक पिता के नाम पर है और बेटा चला रहा है, तब रजिस्ट्रेशन के अनुसार मालिक का नाम अनाउंस होगा।