आगरा को ग्लोबल फुटवियर हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम। इंडिया-न्यूजीलैंड बिजनेस मीट में शहर को आधिकारिक तौर पर वैश्विक फुटवियर हब के रूप में लॉन्च किया।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, आगरा का जूता निर्यात आने वाले समय में 5 गुना तक बढ़ सकता है। लक्ष्य है— आगरा के उत्पादों को दुनिया के हर बाजार तक पहुंचाना।

आंकड़ों के मुताबिक, देश के लेदर फुटवियर निर्यात में आगरा की हिस्सेदारी करीब 75% है। यहां 5,000 से ज्यादा MSME इकाइयां हैं, जो लगभग 5 लाख लोगों को रोजगार देती हैं।

मीट में न्यूजीलैंड के मंत्री टॉड मैक्ले ने भी भारतीय कारीगरी की सराहना की। उन्होंने कहा, भारत-न्यूजीलैंड साझेदारी कच्चे माल, डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग में वैश्विक सप्लाई चेन को मजबूत करेगी।

उद्योग प्रतिनिधियों के अनुसार, नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और यमुना एक्सप्रेसवे पर प्रस्तावित फुटवियर पार्क से आगरा को चीन और वियतनाम जैसे देशों से कड़ी टक्कर देने में मदद मिलेगी।

वहीं, निर्यातकों ने 2030 तक कंपोनेंट्स पर जीरो ड्यूटी और ब्याज सब्सिडी की मांग भी उठाई।